हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान 16 मतपत्र फाड़ने का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के मतपत्र फाड़ने वाले अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के खिलाफ पुलिस प्राथमिकी दर्ज करेगी। कॉलेज प्राचार्य की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को तहरीर दी गई है। शिकायत पुलिस तक पहुंचते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना 29 सितंबर को मतगणना स्थल पर हुई थी। मतगणना के पहले राउंड में पीछे चल रहे अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने कथित तौर पर आक्रोश में आर्यन बेलवाल के 16 मतपत्र फाड़ दिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए उसे गणना कक्ष से बाहर किया।
घटना के बाद मामला और गरमा गया। कॉलेज गेट के बाहर धरने पर बैठे एबीवीपी समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की पहचान
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि मतपत्र फाड़ने के मामले में पुलिस जल्द एफआईआर दर्ज करेगी। वहीं मतगणना के बाद देर रात नैनीताल रोड पर वाहनों को खड़ा कर यातायात बाधित करने और अराजकता करने वालों पर भी पुलिस की नजर है।
एसएसपी के मुताबिक, घटना से जुड़े लोगों की पहचान के लिए वीडियो और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छात्रसंघ चुनाव के दौरान कॉलेज के आसपास उपद्रव की आशंका पहले से थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अराजक तत्व कॉलेज के आसपास अलग-अलग स्थानों पर हंगामा कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने मतदान से एक रात पहले ही कई लोगों को हिरासत में लिया था।
पुलिस का दावा है कि एहतियाती कार्रवाई के चलते मतदान के दौरान स्थिति नियंत्रण में रही और कोई बड़ा उपद्रव नहीं हुआ। हालांकि, मतगणना के दौरान सामने आए विवाद और उसके बाद हुए हंगामे ने पुलिस-प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है।

