Uttarakhand: शादी का झांसा देकर 9 साल तक शोषण का आरोप, महिला अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के भतरौजखान थाने में एक महिला अधिकारी ने एक व्यक्ति पर शादी का झूठा झांसा देकर नौ वर्षों तक शारीरिक और मानसिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला अधिकारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित नंदन सिंह रावत के खिलाफ महिला उत्पीड़न, ठगी, जालसाजी और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब नौ वर्ष पहले आरोपित ने गोलू देवता मंदिर में उससे शादी करने का विश्वास दिलाया और मंगलसूत्र पहनाकर साथ रहने लगा। इसके बाद दोनों लंबे समय तक साथ रहे और आरोपित कई बार महिला के घर भी आता-जाता रहा।

यह भी पढ़ें 👉  चिनाब पर भारत का बड़ा कदम: सलाल डैम के गेट खोले, सिंधु जल संधि पर फिर उठे सवाल...Video

महिला अधिकारी का आरोप है कि इस दौरान आरोपित ने उसके सरकारी पद का लाभ उठाते हुए उससे वाहन, कपड़े, मकान किराया और अन्य निजी खर्चों के नाम पर लाखों रुपये भी ले लिए।

यह भी पढ़ें 👉  धामी कैबिनेट के बड़े फैसले: वन्यजीव संघर्ष में मुआवजा 10 लाख, देहरादून मेट्रो निओ को मंजूरी, महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम की हरी झंडी

पीड़िता के अनुसार जब उसने संबंध को कानूनी रूप देने और विवाह का पंजीकरण कराने की बात कही तो आरोपी और उसके परिवार ने जातिगत टिप्पणी करते हुए शादी से इनकार कर दिया। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने फोन पर धमकाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

बीते 9 मार्च को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। पुलिस जब बासोट स्थित उसके किराए के मकान पर पहुंची तो वह फरार मिला। अगले दिन फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर मकान को सीज कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: झाड़ियों से निकला भालू का बच्चा...स्कूल जा रहे कक्षा 7 के छात्र पर किया हमला, बाल-बाल बचा देवेश

एसओ अवनीश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित की तलाश जारी है। वहीं पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग भी उठने लगी है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page