Uttarakhand: छह साल तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप, इंसाफ के लिए युवती ने कोतवाली में किया आत्मदाह का प्रयास…Video

खबर शेयर करें

देहरादून। शादी का झांसा देकर छह साल तक यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए एक युवती ने बुधवार को कालसी कोतवाली में आत्मदाह का प्रयास किया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने से आक्रोशित युवती ने पहले कोतवाली परिसर में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया। कुछ देर बाद युवती ने कोतवाली कार्यालय में मेज पर चढ़कर चुन्नी का फंदा बनाया और पंखे से लटकने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नीचे उतारा। लगातार दो आत्मघाती प्रयासों से कोतवाली में अफरातफरी मच गई।

पीड़िता और उसके परिजनों के अनुसार, क्षेत्र के ही एक युवक ने करीब छह साल पहले शादी का भरोसा देकर युवती के साथ संबंध बनाए थे। करीब साढ़े चार साल पहले युवक के परिजनों ने भी दोनों की शादी के लिए सहमति जताई थी, लेकिन बाद में वे अपने वादे से मुकर गए। आरोप है कि चार नवंबर को जब युवती युवक के घर शादी के संबंध में बात करने पहुंची तो वहां मौजूद युवक के परिजनों और सादे कपड़ों में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट और अभद्रता की। इस मामले में पीड़िता ने छह नवंबर को कालसी कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसका आक्रोश बढ़ता गया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: मां वाराही धाम के नवनिर्माण का शिलान्यास, सीएम धामी बोले-देवभूमि को बनाएंगे विश्व की आध्यात्मिक राजधानी

ठंड में पूरी रात कोतवाली में दिया धरना

न्याय की मांग को लेकर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पीड़िता अपने परिजनों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कोतवाली पहुंची और धरने पर बैठ गई। प्रदर्शनकारियों ने पूरी रात ठंड के बीच कोतवाली परिसर में बिताई। बुधवार को भी मुकदमा दर्ज नहीं होने पर युवती ने पहले खुद को आग लगाने और फिर फंदे से लटकने का प्रयास किया। युवती ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी होने तक वह कोतवाली से नहीं हटेगी।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: आचार्य दिनेश चन्द्र जोशी की जन्मशती पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, स्मारक डाक टिकट का हुआ विमोचन

अधिकारियों की वार्ता भी बेनतीजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ विकासनगर डॉ. आदित्य तिवारी और एसपी देहात स्वतंत्र कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों से कई दौर की वार्ता की। अधिकारियों ने पीड़िता और उसके परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। बुधवार देर शाम तक पीड़िता और ग्रामीण कोतवाली परिसर में डटे रहे।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: पहली बार इंटरनेशनल मार्केट में पहुंची राज्य की ट्राउट मछली, नेपाल को हुआ निर्यात

सीओ विकासनगर डॉ. आदित्य तिवारी ने बताया कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। युवती और उसके परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page