लालकुआं (हल्द्वानी)। त्योहारी सीजन के बाद अब आम उपभोक्ताओं को दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने आंचल ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। नई दरों में दूध, पनीर और क्रीम सहित विभिन्न उत्पादों की कीमतों में 2 से 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
नैनीताल दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं के लिए संशोधित मूल्य सूची जारी कर दी गई है। 20 नवंबर से सभी संबंधित उत्पाद नई दरों पर बाजार में उपलब्ध होंगे।
क्रीम के एक किलो पैक पर सबसे ज्यादा 50 रुपये की बढ़ोतरी
नई मूल्य सूची के अनुसार आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक की कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है। यानी उपभोक्ताओं को अब इसके लिए 50 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। वहीं आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये निर्धारित की गई है।
एक लीटर दूध के नए दाम भी जान लीजिए
आंचल के विभिन्न श्रेणियों के दूध की नई कीमतें भी तय कर दी गई हैं। इसके तहत आंचल गाय का दूध अब 58 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 63 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड मिल्क की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
इसके अलावा आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है।
अमूल और मदर डेयरी के बाद आंचल ने भी बढ़ाए दाम
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी और अन्य निजी दुग्ध संस्थानों ने भी दूध एवं दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल दुग्ध संघ की ओर से नई मूल्य सूची जारी किए जाने के बाद 20 नवंबर से आंचल के उत्पाद भी महंगे हो जाएंगे।
नई दरें लागू होने से दूध और दुग्ध उत्पादों का नियमित उपयोग करने वाले परिवारों के मासिक बजट पर इसका असर पड़ना तय माना जा रहा है।

