Haldwani: नशा माफिया पर मेहरबानी, नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर FIR का आरोप…कांग्रेस ने फूंका पुलिस प्रशासन का पुतला

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। राजपुरा क्षेत्र में कथित अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिला-महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को बुद्ध पार्क में पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को परेशान करना बंद करने की मांग की।

प्रदर्शन में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजपुरा क्षेत्र में नशे के कथित कारोबार को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय शिकायत और विरोध करने वालों को ही मुकदमों में उलझाया जा रहा है।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि राजपुरा के लोगों ने नशे के खिलाफ जो अभियान शुरू किया है, वह केवल एक क्षेत्र की नहीं बल्कि पूरे हल्द्वानी की जनभावना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस को ज्ञापन दिए, हस्ताक्षर अभियान चलाया और चौकी पर धरना दिया। इसके बावजूद यदि नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई के बजाय नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 6 फरवरी

उन्होंने कहा कि पुलिस एक सार्वजनिक सेवा है और पुलिस अधिकारियों को जनता एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। कांग्रेस की मांग है कि नशे के वास्तविक कारोबारियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि राजपुरा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों को अपराधी की तरह प्रस्तुत करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनता अपने बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस-प्रशासन के सामने शिकायतें रख रही है। ऐसे लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने मांग की कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों पर दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए। यदि मुकदमे झूठे या द्वेषपूर्ण पाए जाते हैं तो उन्हें समाप्त किया जाए। साथ ही नशे के अवैध कारोबार की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारोबारियों और उनके नेटवर्क पर कार्रवाई की जाए।

जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि राजपुरा में नशे के खिलाफ चल रहा अभियान किसी राजनीतिक स्वार्थ का हिस्सा नहीं, बल्कि स्थानीय जनता की अपने बच्चों और युवाओं के भविष्य को बचाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि जब नागरिक और जनप्रतिनिधि लगातार नशे के कारोबार की शिकायत कर रहे हैं तो प्रशासन को उनकी शिकायतों की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  सोशल मीडिया पर बदतमीजी पड़ी भारी, फेसबुक लाइव करने वाला हल्द्वानी का युवक गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को मुकदमों और दबाव के जरिए दबाया नहीं जा सकता। किसी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत है तो उसकी निष्पक्ष जांच हो और कानून अपना काम करे, लेकिन नशे के खिलाफ अभियान चलाने वालों को डराने या हतोत्साहित करने की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजपुरा चौकी पर धरने के बाद जब जनप्रतिनिधि पुलिस कप्तान से मिलने पहुंचे तो उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और उनका ज्ञापन तक स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री पोर्टल और संबंधित पुलिस प्राधिकरण के माध्यम से शिकायत दर्ज करानी पड़ी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने अपने आवेदन में पहले ही आशंका जताई थी कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा सकते हैं। इसके बाद अभियान से जुड़े लोगों पर FIR दर्ज होने को उन्होंने गंभीर मामला बताया।

कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। नेताओं ने कहा कि घटनास्थल के CCTV फुटेज और उपलब्ध मोबाइल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। साथ ही नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों पर दर्ज मुकदमों की समीक्षा की जाए और यदि वे झूठे या द्वेषपूर्ण पाए जाते हैं तो उन्हें समाप्त किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: जीएसटी फर्जीवाड़े पर एसआईबी का छापा, 1.20 करोड़ की वसूली

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। कांग्रेस राजपुरा की जनता के साथ खड़ी है और नशे के कारोबार के खिलाफ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी जारी रही और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को परेशान किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदर्शन में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, हेमंत बगड़वाल, जीवन कार्की, मधु सांगूड़ी, कमला सनवाल, रेनू तोमर, पुष्पा नेगी, दीप पाठक, राजेंद्र बिष्ट रज्जी, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, गोविंद बगड़वाल, हेम दुर्गापाल, मयंक भट्ट, हिमांशु जोशी, कानू बिष्ट, दिनेश सांगूड़ी, प्रदीप नेगी, त्रिलोक बनोली, विजेंद्र चौहान, संजय शेखर, जीत सिंह, संदीप भैसोड़ा, मो. शरीफ, इशरत अली, दिवेश तिवारी, रवि गुरुरानी, कमलेश पांडे, शंकर कोहली, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार, अमित रावत, विक्की कोटलिया, छात्र नेता मेहुल साह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page