हल्द्वानी। जवाहर ज्योति मल्ला चौफुला, वार्ड नंबर 37 दमुवाढूंगा में कथित अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों ने बुधवार को कुमाऊं कमिश्नर आईएएस दीपक रावत से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। सामाजिक कार्यकर्ता मन्नू गोस्वामी के नेतृत्व में पहुंचे स्थानीय लोगों और कॉलोनी की महिलाओं ने क्षेत्र में सड़क की चौड़ाई कम होने और अतिक्रमण की शिकायत कमिश्नर के सामने रखी।
स्थानीय महिलाओं ने कमिश्नर से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें न्याय दिलाएगा। महिलाओं ने कथित अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मौके पर ही हल्द्वानी एसडीएम मोनिका आर्य को बुलाया और मामले की जांच के निर्देश दिए। एसडीएम को मौके पर जाकर कथित अतिक्रमण को चिन्हित करने के साथ ही सड़क की पूर्व की चौड़ाई की पैमाइश कराने और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कमिश्नर के निर्देश के बाद प्रशासन की टीम अब मौके का निरीक्षण कर सड़क की वर्तमान स्थिति और पूर्व की चौड़ाई का मिलान करेगी। इसके आधार पर अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान स्थानीय निवासी शेखर, नितिन, दीपा गोस्वामी, मन्नू गोस्वामी, कविता बिष्ट, सुशीला बोरा, उर्मिला, मंजू, मौनी, भावना, मयंक, सागर, मुक्ता देवी, दीपा देवी, विजय कुमार, लीला, कशिश, प्रीति कन्नौजिया, शोभा देवली, माया बिष्ट, कमला कोरंगा, दीपा कोरंगा, संजय कुमार, प्रकाश नौलिया समेत कई लोग मौजूद रहे।

