हल्द्वानी। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने हल्द्वानी में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन को तेज करने का ऐलान किया है। बुधवार को होटल सौरभ में आयोजित प्रेसवार्ता में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि जनता के वोट की ताकत से किसी भी तरह का खिलवाड़ लोकतंत्र पर सीधा हमला है। कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक संघर्ष करेगी।
सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने या चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर शिकायतें सामने आती हैं तो यह केवल किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठा रहे हैं और उनके अभियान के चलते लोकतंत्र, संविधान तथा मतदाता अधिकारों को लेकर देश में चर्चा बढ़ी है। हृदयेश ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा के दौरान विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधा संवाद हुआ और सामाजिक एकता तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दे राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बने।
सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस ने विभिन्न राज्यों के चुनावी अनुभवों और जमीनी परिस्थितियों के आधार पर मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार इन मुद्दों को जनता के सामने रख रही है।
हल्द्वानी नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी ललित जोशी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान मतपेटियों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर सजगता दिखाई थी। उनके मुताबिक चुनावी प्रक्रिया की निगरानी और मतदाता के अधिकारों की रक्षा पूरे लोकतांत्रिक तंत्र की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपने तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की। साथ ही किसी तरह की विसंगति मिलने पर नियमानुसार संबंधित अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराने को कहा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान किसी राजनीतिक दल के खिलाफ मात्र राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा से जुड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड और बूथ स्तर तक जाकर लोगों को मतदाता सूची की जांच के लिए जागरूक करेंगे और नाम हटाए जाने या अन्य विसंगतियों की शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे।
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा कि अभियान को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। लोगों को अपने परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने और किसी भी विसंगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है और मतदाता के अधिकारों की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अभियान के तहत 8 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बुद्ध पार्क, तिकोनिया से जनजागरण मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक मार्च के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों की रक्षा का संदेश जनता तक पहुंचाएंगे।
प्रेसवार्ता में विधायक सुमित हृदयेश, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, मेयर प्रत्याशी ललित जोशी समेत हरीश मेहता, मलय बिष्ट, मधु सांगुड़ी, कमला सनवाल, सुहैल सिद्दीकी, गिरीश पांडे, दीप पाठक, नरेश अग्रवाल, बहादुर बिष्ट, जाकिर हुसैन, अमित रावत, महेंद्र कुमार और दिनेश सांगुड़ी मौजूद रहे।

