देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 8 से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी SIR-2026 से संबंधित सामग्री और मतदाता सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप
अभियान के पहले चरण में प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) विशेष कैंप लगाएंगे। इस दौरान प्री-एसआईआर एवं एसआईआर अभियान के तहत ASDD सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा और पात्र मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार की जाएगी।
बीएलओ मौजूदा मतदाता सूची का एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे। इस प्रक्रिया में ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम पुरानी सूची में था लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में नहीं है।
12 अक्टूबर से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
विशेष कैंप के बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाएंगे। चिन्हित मतदाताओं की मौजूदा स्थिति का पता लगाने के साथ पात्र पाए जाने वाले लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।
इस दौरान बीएलओ यह भी सुनिश्चित करेंगे कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं और उनके फॉर्म-6 भरवाए जाएं।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहेंगे शामिल
निर्वाचन विभाग ने अभियान में राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बीएलओ के साथ बूथ लेवल एजेंट (BLA) और बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
बीएलओ द्वारा तैयार की गई बूथवार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी। इसके बाद प्रक्रिया के अंतिम चरण में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे। इससे छूटे हुए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का एक और अवसर मिलेगा।
युवाओं और छूटे मतदाताओं पर विशेष फोकस
अभियान का उद्देश्य उन पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ना है, जिनके नाम किसी कारण से वर्तमान सूची में दर्ज नहीं हैं। इसके साथ ही पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर मतदाता सूची में नाम खोजने, ऑनलाइन आवेदन करने, आवेदन की स्थिति ट्रैक करने और अपने बीएलओ की जानकारी प्राप्त करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास भी मौजूद रहे।

