बारिश की बेरुखी से बदला मौसम का मिजाज, सुबह-शाम ठंड तो दिन में गर्मी का अहसास
देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर का महीना आधा बीतने के बाद भी सर्दी पूरी तरह जोर नहीं पकड़ पा रही है। आमतौर पर इस समय तक पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड का असर बढ़ने लगता है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज कुछ अलग है। बारिश नहीं होने के कारण दिन में चटक धूप खिल रही है और तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। सुबह और शाम को ही लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है, जबकि दोपहर में गर्मी परेशान कर रही है।
मौसम के इस बदले मिजाज के पीछे बारिश की बेरुखी को प्रमुख वजह माना जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। 28 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में नवंबर के अंतिम सप्ताह में भी दिन के तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। मैदानी इलाकों में धूप का असर बरकरार रहने से लोगों को सर्दियों का इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 23 नवंबर को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, 24 से 28 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बने रहने का अनुमान है। फिलहाल मौसम के इस रुख से साफ है कि प्रदेश में सर्दी की रफ्तार अभी धीमी बनी हुई है।

