सिद्धार्थ साह बने उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश, चीफ जस्टिस जी नरेंद्र ने दिलाई शपथ

खबर शेयर करें

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में गुरुवार को महत्वपूर्ण न्यायिक घटनाक्रम देखने को मिला। वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उन्हें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र ने शपथ दिलाई। इस नियुक्ति के साथ ही हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है।

यह भी पढ़ें 👉  UKSSSC Recruitment 2026: पशुपालन विभाग में 90 पदों पर भर्ती, 1 जून से आवेदन

नैनीताल स्थित हाईकोर्ट परिसर में मुख्य न्यायाधीश के न्यायालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रपति के हस्ताक्षरों से जारी नियुक्ति वारंट का वाचन किया। इसके पश्चात मुख्य न्यायाधीश ने सिद्धार्थ साह को अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई।

समारोह में वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय सहित महाधिवक्ता एस.एन. बाबुलकर मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्य स्थायी अधिवक्ता सीएस रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष डीसीएस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, बार काउंसिल सदस्य डीके शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने संभाला कार्यभार, कहा– नशा और ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा फोकस

गौरतलब है कि उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुहानाथन नरेंद्र शुक्रवार 9 जनवरी को अपने पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने 26 दिसंबर 2024 को मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाला था। न्यायमूर्ति जी नरेंद्र अपने छात्र जीवन में एनसीसी के उत्कृष्ट कैडेट रहे हैं और जूडो राज्य चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चारधाम से लौट रही तीर्थयात्रियों की बस में लगी आग, यातायात पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

You cannot copy content of this page