Haldwani: भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान तेज, 26 नवंबर को राज्यपाल को सौंपे जाएंगे हस्ताक्षर वाले बैनर

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। सरकार की जवाबदेही तय करने और सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार को जेल रोड चौराहा, हीरानगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बमोरी और महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। कांग्रेस ने ऐलान किया है कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर से जुटाए गए हस्ताक्षर वाले बैनर राजभवन कूच के दौरान राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।

अभियान में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान नेताओं ने स्वयं हस्ताक्षर कर भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को समर्थन दिया और आम जनता से भी इस मुहिम में भागीदारी की अपील की।

जनता की आवाज राज्यपाल तक पहुंचाएगी कांग्रेस : सुमित हृदयेश

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर चल रहे हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की आवाज को एकजुट किया जा रहा है। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस राजभवन कूच कर एकत्रित हस्ताक्षरों वाले बैनर राज्यपाल को सौंपेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता के सवालों और उसकी मांगों को संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंचाना चाहती है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: साइबर हमले के बाद आईटीडीए सतर्क, 22 वेबसाइटों की कोडिंग के लिए बुलाई विशेषज्ञों की टीम

उन्होंने पिछली बार कांग्रेस नेताओं को राजभवन में प्रवेश नहीं दिए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना और उसका सम्मान करना बेहद जरूरी है।

भ्रष्टाचार और करोड़ों की संपत्ति के आरोपों पर सरकार से मांगा जवाब

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक विरोध के लिए नहीं, बल्कि जनता से जुड़े गंभीर सवालों को उठाने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कृषि मंत्री के खिलाफ हाईकोर्ट में चल रहे मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि सामने आए मामलों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने ₹210 करोड़ की संपत्ति से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि ये आरोप कांग्रेस की ओर से नहीं, बल्कि संबंधित मंत्री के पति द्वारा सार्वजनिक रूप से लगाए गए हैं। ऐसे गंभीर आरोपों पर सरकार की चुप्पी के बजाय जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में ठंड ने बढ़ाई सिहरन...तापमान लुढ़का, पहाड़ों में पाला, मैदानी इलाकों में कोहरे की दस्तक

महिला सुरक्षा पर भी सरकार को घेरा

सुमित हृदयेश ने महिला सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री स्वयं अपनी सुरक्षा को लेकर खतरे की बात कह रही हैं, तो प्रदेश की आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और इन सवालों को लगातार उठाती रहेगी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जनभागीदारी जरूरी : गोविंद सिंह बिष्ट

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार प्रदेश की व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की मांग है। कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान जनता को जागरूक करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ सामूहिक आवाज बुलंद करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक संघर्ष जारी रखेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  THDC टनल हादसा: आठवीं मौत के बाद भी जारी है रेस्क्यू, दो श्रमिकों की तलाश में जुटीं टीमें

वहीं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि अभियान को गांव, वार्ड और मोहल्लों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई तभी मजबूत होगी, जब आम जनता जागरूक होकर अपनी आवाज बुलंद करेगी। 26 नवंबर को राज्यपाल को हस्ताक्षर सौंपना इस अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान केवल हस्ताक्षर जुटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जनता की भागीदारी से प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

इस दौरान हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, एन.बी. गुणवंत, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, गुरप्रीत प्रिंस, पार्षद नीमा भट्ट, दीप चंद्र पाठक, मयंक भट्ट, सुहैल सिद्धिकी, विनय भट्ट, गोविंद बगड़वाल, कौशलेन्द्र भट्ट, मनोज भट्ट, महेशानंद, रिंकू बिष्ट, सीमा लोहमी, रत्ना श्रीवास्तव, मंजू पांडे, विमला सांगुड़ी, राजेंद्र उपाध्याय, रोहित सांगुड़ी, गिरजा तड़ागी, महेंद्र परिहार, जाकिर हुसैन और सालिम सिद्धिकी सहित अनेक कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page