Nainital: बिन्दुखत्ता को बड़ी सौगात…स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में बनेगा स्कूल-स्टेडियम, 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक भवन भी बनेगा

खबर शेयर करें

लालकुआं (नैनीताल)। लोकसंस्कृति के संरक्षण और विकास को लेकर आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिन्दुखत्ता को दो बड़ी सौगात देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित अन्य विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही बिन्दुखत्ता में कम से कम 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक हॉल बनाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने रविवार को महोत्सव के समापन अवसर पर प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आयोजन जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिन्दुखत्ता की ओर से किया गया था।

प्रहलाद दा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम, बनेगा भव्य सांस्कृतिक हॉल

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए स्कूल, स्टेडियम सहित जिन दो-तीन कार्यों की मांग रखी गई है, उन सभी को पूरा कराया जाएगा। उन्होंने बिन्दुखत्ता में कम से कम 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाला बड़ा सांस्कृतिक हॉल बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों की परंपरा को देखते हुए इस तरह के आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र की आवश्यकता है।

‘प्रहलाद दा के गीतों में पहाड़ का दर्द और समाज की चेतना’

मुख्यमंत्री ने महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को याद करते हुए कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन की वास्तविक तस्वीर दिखाई देती थी।

यह भी पढ़ें 👉  लोकसभा में VB-G RAM G विधेयक-2025 पेश, हर साल 125 दिन रोजगार की गारंटी...95 हजार करोड़ से अधिक खर्च करेगी केंद्र सरकार

उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से प्रहलाद दा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावनात्मक पुकार सुनाई देती है। उनके गीतों में पहाड़ की महिलाओं का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और समाज को जागरूक करने वाली चेतना समाहित थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला जीवित रहे। प्रहलाद दा ने अपनी लोककला के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों की सराहना की, जो उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं।

‘लोकथात’ हमारी संस्कृति और विरासत को बचाने का अभियान

मुख्यमंत्री ने लोकथात शब्द का अर्थ समझाते हुए कहा कि ‘लोक’ यानी हमारी जनता और ‘थात’ यानी हमारी विरासत एवं धरोहर। तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। उत्तराखंड की असली पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता में नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं में भी बसती है। आधुनिकता के दौर में युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विकास के साथ विरासत संरक्षण पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर काम कर रही है। एक ओर प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी किया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ की तर्ज पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: सड़कों पर नमाज को लेकर सीएम धामी का सख्त रुख, बोले- तय स्थान पर ही हो इबादत

इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और कानूनों का भी उल्लेख किया तथा प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून सहित सरकार की अन्य कार्रवाइयों की जानकारी दी।

लालकुआं विधानसभा में करोड़ों के विकास कार्यों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनकर तैयार है, जबकि विजयपुर गौला पार में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू हो गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता में करीब 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। क्षेत्र में नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनें बिछाई जा रही हैं। इसके अलावा लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने बताया कि हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। गौला और नन्धौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं तथा जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: बिजली दरों में 29% बढ़ोतरी से उद्योगपति नाराज, पलायन की चेतावनी

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर सरकार गंभीर : धामी

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की महत्वपूर्ण अपेक्षा है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से भी लगातार संवाद स्थापित किया गया है।

उन्होंने कार्यक्रम के दौरान वनाधिकार समिति बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ इस विषय पर विस्तार से चर्चा की और मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का मतलब केवल नई परियोजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनके समाधान में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि उनका विकल्प रहित संकल्प है कि लालकुआं विधानसभा सहित प्रदेश का कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे और उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।

लोक कलाकारों को किया सम्मानित

महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया। उन्होंने कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि लोक कलाकार अपनी कला के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page