थाने में खूनी हमला: पारिवारिक विवाद में बुलाए गए युवक ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से किया हमला, पांच घायल

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद के मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए एक युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के दौरान एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। बाद में पुलिस ने उसे चितली कबर इलाके में घेर लिया, जहां उसने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।

यह भी पढ़ें 👉  नागपुर में बड़ा हादसा: अवाडा सोलर प्लांट में पानी का टैंक फटा, 3 मजदूरों की मौत, 8 से ज्यादा गंभीर घायल

पारिवारिक विवाद की शिकायत पर थाने बुलाया गया था युवक

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे नबील नामक युवक को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। उनके चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं।

घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के तुरंत बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

यह भी पढ़ें 👉  असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे, कई यात्री घायल

फरारी के लिए दोपहिया वाहन लूटा, पुलिस ने शुरू की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, थाने से भागने के बाद आरोपी ने फरारी के लिए रास्ते में एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उसे चितली कबर इलाके में ट्रैक कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  1 अप्रैल से टोल पर नहीं चलेगा कैश: NHAI का बड़ा फैसला, अब सिर्फ FASTag और UPI से भुगतान

दोबारा हमला करने पर पुलिस ने चलाई गोली

चितली कबर इलाके में पुलिस टीम ने जब आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। लगातार हमले और खतरे को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, ताकि आरोपी को काबू में किया जा सके।

फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page