असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे, कई यात्री घायल

खबर शेयर करें

गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी के बाहरी इलाके में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। कामरूप (मेट्रो) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, रेलवे ने अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ। मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही ट्रेन के डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव के साथ ट्रैक बहाली का काम भी शुरू कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: सरकारी कामकाज में हिंदी को बढ़ावा देने पर जोर, सीबीसी की कार्यशाला में अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि डिगारू स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतरे हैं। घटना के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। घायलों को सहायता उपलब्ध कराने के इंतजाम किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  मुंबई लोकल ट्रेन ब्लास्ट मामला: बॉम्बे हाई कोर्ट ने 11 दोषियों को किया बरी, न्याय व्यवस्था पर उठे सवाल

दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हादसे की जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए ट्रेन को रोकने के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था किए जाने की जानकारी है। रेलवे के महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। रेलवे प्रशासन की ओर से राहत और बहाली अभियान चलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव विवाद: हाईकोर्ट के आदेश पर आज डीएम कार्यालय में दिखाई जाएगी काउंटिंग की वीडियो रिकॉर्डिंग

मिजोरम को पूर्वी भारत से जोड़ती है ट्रेन

गौरतलब है कि कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस मिजोरम को पूर्वी भारत से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इस हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा और पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल परिचालन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और रेल यातायात बहाल करने की है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page