Uttarakhand: उपनल के खाते में सेंध…फर्जी चेकों से 68.39 लाख रुपये उड़ाए, 24 लाख की और ठगी बैंक की सतर्कता से बची

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते को निशाना बनाकर शातिर जालसाजों ने बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित चेकों के जरिए जालसाज 14 बार में 68 लाख 39 हजार 500 रुपये निकालकर अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने में कामयाब रहे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इसी चेक सीरीज के पांच और फर्जी चेक लगाकर 24 लाख 43 हजार 700 रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन बैंक की सतर्कता से यह रकम बच गई। सरकारी उपक्रम के खाते में हुई इस सेंधमारी ने बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब 18 जून 2026 को उपनल अधिकारियों ने पंजाब नेशनल बैंक की हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया शाखा को सूचना दी कि एक दिन पहले यानी 17 जून को क्लियरिंग के माध्यम से 14 अलग-अलग चेकों के जरिए खाते से लाखों रुपये निकाल लिए गए हैं। अधिकारियों ने साफ किया कि ये चेक उपनल की ओर से जारी ही नहीं किए गए थे और निगम की मूल चेकबुक भी सुरक्षित है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 150 CCTV खंगाल कर पुलिस ने किया खुलासा

बैंक प्रबंधन की जांच में सामने आया कि जालसाजों ने फर्जी चेकों के जरिए रकम अलग-अलग बैंकों में संचालित खातों में पहुंचाई। इनमें केनरा बैंक में एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज, बैंक ऑफ बड़ौदा में सुप्रियो मुखर्जी, बैंक ऑफ इंडिया में सुभजीत मंडल और एसबीआई में सौरव विश्वास के खाते शामिल हैं।

बैंक की सतर्कता से बची 24 लाख की रकम

जालसाजों के हौसले इतने बुलंद थे कि 18 जून को उन्होंने इसी चेक सीरीज के पांच और फर्जी चेक क्लियरिंग के लिए लगा दिए। इन चेकों के जरिए 24 लाख 43 हजार 700 रुपये निकालने की तैयारी थी। हालांकि, उपनल की शिकायत के बाद बैंक ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए भुगतान रोक दिया। इससे सरकारी उपक्रम को होने वाला एक और बड़ा नुकसान टल गया।

यह भी पढ़ें 👉  नववर्ष 2025 के लिए सार्वजनिक अवकाश का कैलेंडर जारी, कुल 25 छुट्टियां

एक खाते में 16.54 लाख रुपये होल्ड

धोखाधड़ी सामने आने के बाद पीएनबी ने संबंधित बैंकों से संदिग्ध खातों में जमा रकम रोकने और उन्हें फ्रीज करने का अनुरोध किया। इसके बाद केनरा बैंक ने एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज के खाते को फ्रीज कर उसमें जमा 16 लाख 54 हजार 581 रुपये होल्ड कर दिए। बाकी रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई में देरी

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: गुंडा एक्ट में 4 व्यक्ति जिला बदर, अब तक 98 पर कार्रवाई

बैंक शाखा प्रबंधक मनीष शर्मा के मुताबिक, इस मामले में 20 जून को ही देहरादून कोतवाली में शिकायत दी गई थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। इसके बाद एसएसपी से शिकायत की गई। उनके हस्तक्षेप के बाद अब अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मामले की जांच उपनिरीक्षक कमल सिंह रावत को सौंपी गई है। पुलिस संदिग्ध बैंक खातों के केवाईसी दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उपनल के खाते से फर्जी चेकों के जरिए रकम निकालने वाले गिरोह के तार कहां-कहां जुड़े हैं और इस पूरी धोखाधड़ी में कौन-कौन शामिल है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page