Haldwani: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश बढ़े, 20 दिन में परीक्षा परिणाम जारी…नेपाल तक पहुंचा दायरा

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणामों और प्रवेश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है। जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाओं के बाद विश्वविद्यालय ने महज 17 दिनों में परिणाम जारी किए, जबकि कुल प्रवेश बढ़कर 48,444 तक पहुंच गए। विश्वविद्यालय ने नेपाल के शिक्षार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। शनिवार को कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई।

विश्वविद्यालय के अनुसार, जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाएं 20 जुलाई से 27 अगस्त तक आयोजित की गईं। केंद्रीय मूल्यांकन की प्रक्रिया 13 सितंबर तक चली। परीक्षा और मूल्यांकन कार्य में समन्वय के चलते परीक्षा समाप्त होने के 17 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिए गए। इस सत्र में कुल 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और मूल्यांकन प्रक्रिया में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के करीब 300 शिक्षकों ने योगदान दिया।

यह भी पढ़ें 👉  प्रयागराज: महाकुंभ में फूल-माला बेचने वाली युवती बनी इंटरनेट सेंसेशन, मोनालिसा से हो रही तुलना

प्रवेश में 1,886 की बढ़ोतरी, नेपाल के विद्यार्थियों को भी अवसर

विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2025 सत्र में कुल 46,558 प्रवेश हुए थे, जबकि जुलाई 2026 सत्र में यह संख्या बढ़कर 48,444 हो गई। इस तरह प्रवेश में 1,886 की वृद्धि यानी लगभग 4.05 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया। नए प्रवेश भी 19,277 से बढ़कर 19,757 हो गए।

विश्वविद्यालय ने अपनी शैक्षणिक पहुंच का विस्तार करते हुए नेपाल के शिक्षार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की है। इस पहल का उद्देश्य मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें 👉  आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, अब पूरे देश में लागू होंगे नियम

ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित, हरित परिसर पर जोर

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विश्वविद्यालय परिसर में ईज़ी चार्ज (EZY Charge) के सहयोग से ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। विश्वविद्यालय में हरेला पर्व के अवसर पर पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था।

18 अक्टूबर को दीक्षारंभ, 31 अक्टूबर को स्थापना दिवस

हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र (16000) के शिक्षार्थियों के लिए 18 अक्टूबर को दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट, परीक्षा प्रक्रिया और शैक्षणिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। विश्वविद्यालय की योजना इस कार्यक्रम को आगे अन्य अध्ययन केंद्रों तक भी विस्तारित करने की है।

यह भी पढ़ें 👉  चमोली हिमस्खलन: सर्च और रेस्क्यू अभियान पूरा, लापता चार श्रमिकों के शव मिले, आठ हुई मृतकों की संख्या

वहीं, विश्वविद्यालय का 21वां स्थापना दिवस 31 अक्टूबर 2026 को मनाया जाना प्रस्तावित है। इसके बाद 18 नवंबर को दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन इन दोनों आयोजनों की तैयारियों में जुटा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा व्यवस्था, प्रवेश विस्तार, शिक्षार्थी सहायता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों की जानकारी दी। इस अवसर पर कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक सूर्यप्रताप सिंह, सीका निदेशक प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डेय, क्षेत्रीय सेवाएं निदेशक प्रो. एम.एम. जोशी, प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशुतोष भट्ट और प्रभारी प्रवेश डॉ. सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page