देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुस्तिका उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का दस्तावेज होने के साथ जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही भी प्रस्तुत करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास पुस्तिका सरकार के कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड का निर्माण लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांव तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होती है। विद्यालयों में बेहतर संसाधनों से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित होने से पलायन की समस्या को कम करने में मदद मिलती है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक परिवार के जीवन को बेहतर बनाना है।
चारधाम ऑल वेदर रोड और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से विकास को गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य की कनेक्टिविटी को नई दिशा दे रही हैं। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो रही है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार का दावा
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी सुधार के लिए काम कर रही है। प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर जैसी सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
पर्यटन और खेल के क्षेत्र में उपलब्धियों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने जी-20 बैठकों के सफल आयोजन और 38वें राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन आयोजनों से उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार पर्यटन को सालभर रोजगार और आजीविका से जोड़ने का प्रयास कर रही है, ताकि इसका लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे कारोबारियों तक पहुंचे।
3.82 लाख करोड़ रुपये पहुंची अर्थव्यवस्था, बजट एक लाख करोड़ से अधिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिला है और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, वर्ष 2025-26 के अनुमानों के मुताबिक प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2026-27 का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास का लाभ किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।
महिला समूहों को सशक्त बनाने और पलायन रोकने पर जोर
मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार गांवों में बेहतर सुविधाएं और रोजगार के अवसर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि युवाओं को अपने गांव में ही आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
समान नागरिक संहिता समेत कई कानूनों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ राज्य की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने के साथ सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जैसे निर्णयों का उल्लेख किया।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां आगे और अधिक काम करने की प्रेरणा देती हैं। प्रत्येक गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड बनाने का संकल्प दोहराया।
समारोह में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सूचना शैलेश बगौली, उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह बिष्ट, सचिव विनय शंकर पांडेय और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

