देहरादून। नशे की खातिर पहले भांजे से विवाद, फिर दरांती लेकर हमला करने की कोशिश और जब पिता ने रोकने की हिम्मत दिखाई तो उन्हीं पर चाकू से वार कर दिया। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात ने हर किसी को झकझोर दिया। सहस्रधारा रोड स्थित चलांग कुल्हान में नशे के आदी युवक ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। बेटे के गुस्से का शिकार बने 62 वर्षीय मदन राणा को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया है।
नशे के लिए रुपये मांगे, इनकार पर भांजे पर हमला
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि चलांग कुल्हान निवासी युवक ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया है। मौके पर पहुंची राजपुर थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मदन राणा को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मदन राणा का 35 वर्षीय बेटा नितिन राणा नशे का आदी है। सोमवार शाम वह अपने पड़ोस में रहने वाले भांजे ऋषभ रावत से नशा करने के लिए रुपये मांग रहा था। भांजे ने रुपये देने से इनकार किया तो नितिन का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने दरांती उठाकर ऋषभ पर हमला करने का प्रयास किया।
भांजे को बचाने पहुंचे पिता, बेटे ने उन्हीं पर कर दिया वार
नितिन के हमले से बचने के लिए ऋषभ वहां से भागने लगा। इसी बीच मदन राणा ने बेटे को रोकने की कोशिश की। उन्होंने नितिन को डांटते हुए भांजे पर हमला करने से मना किया। लेकिन नशे में गुस्साए बेटे को पिता की यह बात नागवार गुजरी।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान नितिन ने अपने पिता पर चाकू से वार कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जिस पिता ने बेटे को गलत रास्ते पर जाने से रोकने की कोशिश की, उसी बेटे ने उनकी जिंदगी खत्म कर दी।
मौके पर पहुंची एफएसएल टीम, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपी नितिन राणा को मौके से ही हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

