हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। हरिद्वार से गंगाजल भरकर चंडीगढ़ लौट रहे चार नाबालिग कांवड़िये ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। जल पुलिस और गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
हरिद्वार से जल भरकर लौट रहे थे चारों दोस्त
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान शिवांशु (16), नितीश (16) निवासी सेक्टर-30 बी, रोहित (17) निवासी सेक्टर-26 बाबूधाम कॉलोनी और भरत (16) निवासी सेक्टर-30 बी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। चारों दोस्त 30 जुलाई की रात हरिद्वार कांवड़ लेने पहुंचे थे। गंगाजल भरने के बाद शुक्रवार तड़के वे चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। रास्ते में जटवाड़ा पुल के पास वे अपने अन्य साथियों का इंतजार करने लगे।
गर्मी से राहत पाने के लिए उतरे नहर में, गहराई बनी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब चार बजे गर्मी से राहत पाने के लिए चारों गंगनहर में नहाने उतर गए। उस समय सिल्ट आने के कारण नहर में पानी का प्रवाह बंद था। अधिकांश हिस्से में पानी कम था, लेकिन बीच-बीच में गहरे गड्ढों में पानी भरा हुआ था। बताया गया कि चारों रेलिंग पार कर नहर के अंदर पहुंचे और स्नान करने लगे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी दोस्त डूबते चले गए।
जल पुलिस और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और गंगनहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद चारों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों को दी गई सूचना, हादसे की जांच शुरू
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दो युवकों की SDRF ने बचाई जान
इसी बीच हरिद्वार में एक अन्य घटना में गंगा के तेज बहाव में दो युवक बहने लगे। मौके पर ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ के जवानों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

