Nainital: नैनीताल की झीलें होंगी और खूबसूरत, पार्किंग संकट से भी मिलेगी राहत…सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण

खबर शेयर करें

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत नैनीताल जनपद में पर्यटन विकास, झीलों के संरक्षण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर काम शुरू हो गया है। शनिवार को आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भीमताल, नौकुचियाताल, कमलताल, भवाली और नैनीताल शहर में चल रही तथा प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सचिव ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटकों का अनुभव भी अधिक सुविधाजनक एवं आकर्षक बनेगा।

भीमताल झील के सौंदर्यीकरण पर 25 करोड़ से अधिक खर्च

भीमताल झील के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। इसके तहत झील के आसपास स्थित पार्कों का पुनर्विकास, दीनदयाल पार्क के निकट बोटिंग डॉक का निर्माण, 4.21 किलोमीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, सोलर स्ट्रीट लाइट और आधुनिक स्ट्रीट फर्नीचर स्थापित किए जाएंगे। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से पूरे किए जाएं।

यह भी पढ़ें 👉  गोरापड़ाव चौराहे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, युवक की मौके पर मौत

नौकुचियाताल में विकसित होंगी आधुनिक पर्यटन सुविधाएं

नौकुचियाताल झील के लिए करीब 20.97 करोड़ रुपये की विकास योजना बनाई गई है। परियोजना के तहत बोटिंग स्टैंड, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, फ्लोटिंग जेट्टी, पार्किंग सुविधा, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, व्यूपॉइंट, गज़ीबो, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना का उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ झील क्षेत्र को और आकर्षक बनाना है।

कमलताल बनेगा नया पर्यटन आकर्षण

कमलताल क्षेत्र में ओपन शॉपिंग प्लाजा, 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग सुविधा, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग का विकास प्रस्तावित है। अधिकारियों का मानना है कि भविष्य में यह क्षेत्र नैनीताल जनपद का नया पर्यटन केंद्र बन सकता है।

भवाली में जल्द शुरू होगी मल्टीलेवल पार्किंग

भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 96 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत बेसमेंट में पार्किंग तथा भूतल और प्रथम तल पर करीब 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। इसके शुरू होने पर 124 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे भवाली नगर में ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका ने भारत की रक्षा खरीद पर उठाए सवाल, रूसी हथियारों पर निर्भरता खत्म करने की दी सलाह

नैनीताल शहर को मिलेंगी दो बड़ी पार्किंग परियोजनाएं

नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में 42.77 करोड़ रुपये की लागत से सरोवर पार्किंग परियोजना विकसित की जा रही है। इसके तहत 605 चार पहिया और 202 दो पहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित होगी। इसके अलावा नैनीताल क्लब के समीप नगर पालिका भूमि पर 30.43 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना प्रस्तावित है, जिसमें 202 कारों और 96 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।

अशोक पार्किंग और लंबित परियोजनाओं पर भी जोर

सचिव ने नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को पूर्व में स्वीकृत धनराशि का उपयोग करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां परियोजनाओं में अनावश्यक देरी हो रही है, वहां जिम्मेदारी तय की जाए और आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में भी बदलाव किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  भूकंप से छह दिन में नौ बार हिला उत्तरकाशी, शुक्रवार सुबह भी महसूस हुए झटके

डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि झीलों का संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नैनीताल जिले की पर्यटन क्षमता को नई मजबूती मिलेगी और यातायात प्रबंधन में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

निरीक्षण के दौरान सचिव, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, विजयनाथ शुक्ल, प्रोजेक्ट मैनेजर, उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, संदीप सिंह रावत, प्रोजेक्ट मैनेजर, उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, दिवाकर बडोनी, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग, नैनीताल, कमलेश जोशी, प्रोजेक्ट सेल ऑफिसर, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल, अनिल कुमार तड़ागी, सहायक अभियंता, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल, शिवम धीमान, अभिषेक कुमार तथा अवर अभियंता, अभिषेक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page