देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। मामले में सामने आए कथित वायरल ऑडियो की सच्चाई जानने के लिए एसआईटी ने वैज्ञानिक जांच की तैयारी शुरू कर दी है। जांच टीम गिरधारी लाल साहू का वॉयस सैंपल लेने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। कोर्ट से अनुमति मिलते ही उनका आवाज का नमूना लेकर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा जाएगा। वहां वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज से उसका मिलान कराया जाएगा।
दरअसल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सत्येंद्र राठौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मंत्री ने गिरधारी पर धोखाधड़ी, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की साजिश रचने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के साथ एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जांच का अहम आधार बनी थी।
हालांकि, गिरधारी लाल साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए वायरल ऑडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार की गई फर्जी रिकॉर्डिंग बताया था। ऐसे में अब एफएसएल की जांच से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज गिरधारी लाल साहू की है या नहीं।
झांसी से हुई थी गिरफ्तारी
मामले की जांच के लिए एसएसपी ने नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। पुलिस की ओर से कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद पूछताछ में शामिल नहीं होने पर अदालत से गैर जमानती वारंट हासिल किया गया। इसके बाद एसआईटी ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरधारी लाल साहू और बरेली से उनके भतीजे सत्येंद्र को गिरफ्तार किया था।
कोर्ट खुलने का इंतजार कर रही एसआईटी
अब जांच टीम ऑडियो की प्रमाणिकता को लेकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने पर फोकस कर रही है। एसआईटी प्रभारी जया बलोनी के मुताबिक, दीपावली की छुट्टियों के बाद न्यायालय खुलने पर गिरधारी लाल साहू का वॉयस सैंपल लेने के लिए अर्जी दाखिल की जाएगी। अदालत से अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वॉयस सैंपल की फॉरेंसिक जांच इस हाईप्रोफाइल विवाद में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है।

