Uttarakhand: नल के पानी से निकले कीड़े…वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, पेयजल गुणवत्ता पर उठे सवाल

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। गर्मी की दस्तक के साथ ही पहाड़ों में पेयजल संकट और पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंताएं बढ़ने लगी हैं। इसी बीच अल्मोड़ा शहर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने जल संस्थान की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के लोअर माल रोड क्षेत्र में एक घर के नल से कीड़े निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है और पेयजल की शुद्धता को लेकर दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार लोअर माल रोड निवासी कमल जोशी ने बताया कि दो दिन पहले जब वे घर में पानी भर रहे थे, तभी बाल्टी में अचानक दो कीड़े तैरते हुए दिखाई दिए। पहले तो उन्हें अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब ध्यान से देखा गया तो नल से आ रहे पानी में कीड़े साफ नजर आए। इसके बाद परिवार के लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: यमुनोत्री हाईवे समेत चारधाम यात्रा मार्ग बाधित, सैकड़ों वाहन फंसे

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्रीय लोगों में जल संस्थान के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर नल के पानी में कीड़े निकल रहे हैं तो यह सीधे तौर पर जलापूर्ति व्यवस्था में भारी लापरवाही का संकेत है। लोगों का आरोप है कि जल स्रोतों, टंकियों और पाइपलाइनों की नियमित सफाई और गुणवत्ता जांच नहीं की जा रही, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: महाशिवरात्रि पर छोटा कैलाश में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही हर साल पेयजल व्यवस्था चरमराने लगती है, लेकिन इस बार तो स्थिति और गंभीर हो गई है क्योंकि अब पानी की स्वच्छता पर ही सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्री पद की अधिसूचना जारी, सभी विभाग फिलहाल CM के पास

वहीं मामले को लेकर जब जल संस्थान अल्मोड़ा के अधिशासी अभियंता नीरज तिवारी से बात की गई तो उन्होंने कहा, “इस तरह का मामला फिलहाल मेरे संज्ञान में नहीं है और न ही विभाग को कोई शिकायत प्राप्त हुई है। यदि शिकायत आती है तो मामले की जांच कराई जाएगी।”

हालांकि अधिकारी के इस बयान के बाद लोगों में और नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि वीडियो वायरल होने और मामला सार्वजनिक होने के बावजूद विभाग अनभिज्ञता जता रहा है, जो उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page