Haldwani: छात्रा ने फंदे से लटककर दी जान…सुसाइड से पहले दोस्त को भेजा मोबाइल का पिन, पुलिस जांच में जुटी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर के काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदमारी इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 24 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। खास बात यह है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले युवती ने अपने एक युवक मित्र को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर अपने मोबाइल फोन का पिन कोड बताया था, जिसके बाद यह मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने युवती का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चांदमारी निवासी दिव्या आर्या (24 वर्ष) अपनी मां और तीन बहनों के साथ रहती थी। दिव्या परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और एमबीजी कॉलेज में ग्रेजुएशन फाइनल ईयर की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि उसके पिता का बीमारी के चलते करीब एक वर्ष पहले निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसकी मां पर आ गई थी। मां घरों में काम करके अपनी चारों बेटियों का पालन-पोषण कर रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: दाखिल-खारिज और प्रमाण-पत्रों में अब मौके पर सत्यापन जरूरी, मंडलायुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बताया गया कि रविवार रात दिव्या ने परिवार के साथ सामान्य रूप से खाना खाया और फिर अपने कमरे में चली गई। इसी दौरान उसने अपने एक युवक दोस्त को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा और उसमें अपने मोबाइल फोन का पिन कोड साझा किया। यह मैसेज युवक को असामान्य लगा और उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई।

संदेह होने पर युवक ने तुरंत दिव्या को फोन करना शुरू किया, लेकिन काफी देर तक कॉल रिसीव नहीं। जब दिव्या ने फोन नहीं उठाया तो युवक घबराकर उसके घर पहुंच गया। वहां पहुंचने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई और पता चला कि दिव्या फंदे से लटकी हुई है। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए हल्द्वानी बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में रामलीला की तैयारियां तेज, 18 सितंबर से गणेश पूजन के साथ होगी शुरुआत

सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि पिता के निधन के बाद से परिवार पहले ही आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों से गुजर रहा था। दिव्या पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों को भी समझती थी, लेकिन उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह किसी की समझ से परे है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में फिर हिली धरती, उत्तरकाशी-हिमाचल सीमा पर 3.6 तीव्रता का भूकंप

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एसआई कुमकुम धनिक ने बताया कि युवती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है तथा उसमें मौजूद चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page