भारत-नेपाल की दोस्ती को मिलेगी नई मजबूती, पीएम मोदी ने किया 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज का ऐलान

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा कदम उठाया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में आर्थिक सहयोग, विकास और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, अपनत्व और साझा विरासत का रिश्ता है।

हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि बालेन्द्र शाह का प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा भारत से शुरू होना दोनों देशों की गहरी मित्रता और आपसी भरोसे को दर्शाता है।

‘नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे, हमारे राम भी अधूरे’

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और नेपाल के प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए भगवान श्रीराम और माता सीता को दोनों देशों की साझा सभ्यता का प्रतीक बताया। उन्होंने वर्ष 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए कहा कि नेपाल के बिना भारत के धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका की बड़ी सैन्य कार्रवाई...ईरान की 16 माइन बिछाने वाली नौकाएं तबाह, ट्रंप की सख्त चेतावनी

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध सदियों पुराने हैं। दोनों देशों की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराएं एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

नेपाल के विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ का जिक्र करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अगस्त में नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि बेहद दुखद है। नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को गति देने के लिए भारत 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा कर रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  भीषण सड़क हादसा: एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, छह की मौत, 24 घायल

उन्होंने कहा कि भारत नेपाल की प्रगति में हमेशा साझेदार रहा है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग जारी रखेगा।

बालेन्द्र शाह की दूरदर्शिता और नेतृत्व की सराहना

नेपाल के प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा कि कुछ महीने पहले जब बालेन्द्र शाह ने विश्व के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र में अपना संबोधन दिया था, तब उनकी दूरदर्शिता की झलक देखने को मिली थी।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ घंटों की बातचीत में उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेन्द्र शाह के स्पष्ट विजन और प्रतिबद्धता को समझने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष नेपाल की जनता ने जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह वहां की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है।

‘हमारी खुशियां साझी, चुनौतियां भी एक’

द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनेपन और अटूट विश्वास पर आधारित है। दोनों देशों की खुशियां साझी हैं और चुनौतियां भी साझा हैं। भारत और नेपाल एक-दूसरे की प्रगति के साथी हैं और कठिन समय में एक-दूसरे का सहारा बनते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: आरएसएस जिला कार्यवाहक के बेटे ने की आत्महत्या, वीडियो में बताई वजह

अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क को मिली नई दिशा

द्विपक्षीय बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला’ ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसे दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक संपर्क और आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

हैदराबाद हाउस में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों प्रधानमंत्रियों ने आपसी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरे से भारत और नेपाल के बीच आर्थिक, कूटनीतिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page