लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सुबह मची चीख-पुकार, टॉयलेट के लिए सड़क किनारे खड़ी थी बस, करीब 50 बच्चे थे सवार
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 बच्चे घायल हो गए। बच्चों से भरी एक टूर बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी आगरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 50 बच्चे सवार थे और उन्हें टूर पर ले जाया जा रहा था। मंगलवार सुबह कन्नौज जिले में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 210 पर बच्चों के टॉयलेट जाने के लिए चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया था। इसी दौरान आगरा की तरफ से आ रहे आलू से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चे घायल होकर बस में फंस गए। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम, पुलिस और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। हादसे में चार बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 20 घायल बच्चों का इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

