रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। शहर में रोडवेज के पास अमन टी-स्टॉल के सामने हुआ विवाद एक युवक की मौत में बदल गया। पत्थर से सिर पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल किए गए रम्पुरा निवासी राजेश ने शनिवार को बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रम्पुरा वार्ड संख्या 22 निवासी राजेश (पुत्र स्व. छोटे लाल) 30 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 12 बजे अपने दोस्त सचिन रस्तोगी के साथ अमन टी-स्टॉल पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। आरोप है कि वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
राजेश की मां सुनीता के मुताबिक, इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने राजेश के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। उनकी पहचान गौरव कुमार निवासी मेरठ, प्रेम प्रशांत निवासी रोहतक और चेतन वर्मा निवासी ट्रांजिट कैंप के रूप में बताई गई है। आरोप है कि कहासुनी के बाद तीनों ने राजेश पर पत्थर से हमला कर दिया और उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हमले में राजेश लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
जिला अस्पताल से बरेली किया गया था रेफर
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राजेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। वहां राधिका अस्पताल के आईसीयू में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार को जिंदगी की जंग हार गया।

