Haldwani: चलती कार की खिड़कियों पर लटककर बना रहे थे रील, पुलिस ने बीच रास्ते रोका, लखनऊ के पर्यटकों का चालान…Video

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में जानलेवा स्टंट करना लखनऊ से नैनीताल घूमने आए पर्यटकों को महंगा पड़ गया। नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर रील बना रहे युवकों के खिलाफ काठगोदाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया। पुलिस ने स्टंटबाजी करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया और कार के शीशों पर लगी प्रतिबंधित काली फिल्म भी मौके पर ही उतरवा दी।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार कर रहे हैं, जबकि काठगोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार हाईवे और पर्यटन मार्गों पर निगरानी बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग, दादी-पोते की मौत, तीन गंभीर रूप से झुलसे

चलती कार से बाहर लटककर बना रहे थे वीडियो

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर कुछ युवक चलती कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक तरीके से वीडियो और रील बना रहे थे। उनकी इस हरकत से न केवल उनकी अपनी जान खतरे में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का गंभीर जोखिम पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार अपनी टीम के साथ सक्रिय हुए और संबंधित वाहन को रोककर जांच की।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: त्रिवेंद्र रावत पर लगे घूस और भ्रष्टाचार के आरोपों पर हाईकोर्ट में सुनवाई 1 मई को

कार पर लगी मिली प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कार के शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही काली फिल्म उतरवा दी। इसके अलावा स्टंटबाजी और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर वाहन का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। पूछताछ में कार सवार युवकों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे और लौटते समय सोशल मीडिया के लिए वीडियो बना रहे थे।

दोबारा गलती न करने की चेतावनी

पुलिस ने सभी पर्यटकों को भविष्य में इस तरह की जानलेवा गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यटन स्थलों पर इस तरह की स्टंटबाजी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी पंजाबी जन कल्याण समिति का विस्तार, कनिका वासुदेव महिला अध्यक्ष और कनिष्क ढींगरा युवा अध्यक्ष बने

एसएसपी का सख्त संदेश – ‘पर्यटन के नाम पर हुड़दंग नहीं चलेगा’

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का स्वागत करता है, लेकिन पर्यटन के नाम पर कानून तोड़ने और दूसरों की जान जोखिम में डालने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध होने के लिए सड़क पर स्टंट करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में केवल चालान ही नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर वाहन सीज करने और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page