उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों पर मंथन, मेधावियों को मिलेंगी उपाधियां और स्वर्ण पदक

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के आगामी 11वें दीक्षांत समारोह के आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को 47वीं कार्य परिषद की बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाने से संबंधित प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन और विद्यार्थी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में कार्य परिषद की पिछली 46वीं बैठक, जो चार अगस्त 2026 को आयोजित हुई थी, के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। साथ ही पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा भी की गई।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: विकास भवन में फाइलों के लंबित रहने पर सीडीओ सख्त, अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

कार्य परिषद के समक्ष पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. भूपेन सिंह के असाधारण अवकाश और अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने से संबंधित प्रार्थना-पत्र रखा गया। इसके अलावा करियर अभिवर्धन योजना (सीएएस) के तहत भौतिकी विषय के प्राध्यापक प्रो. कमल देववाल की अकादमिक स्तर-14 में पदोन्नति की पात्रता तिथि में संशोधन के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। विश्वविद्यालय में अल्पकालिक अथवा अस्थायी आधार पर कैमरामैन और वीडियो एडिटर की नियुक्ति का मामला भी बैठक में रखा गया।

बैठक में विश्वविद्यालय की वित्त समिति की 22वीं बैठक (तीन सितंबर 2026) और विद्या परिषद की 37वीं बैठक (23 अक्टूबर 2026) की संस्तुतियों के अनुमोदन से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 11 जनवरी

बैठक में हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश चन्द्र बिन्जोला, समाज विज्ञान विद्याशाखा की निदेशक प्रो. रेनू प्रकाश, कम्प्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विद्याशाखा के निदेशक प्रो. जीतेन्द्र पाण्डेय, भौमिकी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्याशाखा के निदेशक प्रो. पीडी पंत, डॉ. हरीश चन्द्र जोशी, डॉ. नीरजा सिंह, कुलसचिव खेमराज भट्ट और परीक्षा नियंत्रक प्रो. सोमेश कुमार उपस्थित रहे।

ऑनलाइन माध्यम से कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. बीएस राजपूत, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की प्रो. योजना रावत, सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल्स लिमिटेड लालकुआं के सीईओ डॉ. अजय कुमार गुप्ता, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की प्रो. शची शाह, उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव प्रदीप मोहन नौटियाल तथा विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी सूर्यप्रताप सिंह ने प्रतिभाग किया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: अखिलेश यादव के बयान पर भड़के CM धामी, बोले- उत्तराखंडवासियों का अपमान बर्दाश्त नहीं, सार्वजनिक माफी मांगें सपा प्रमुख

बैठक में विभिन्न समितियों की संस्तुतियों और प्रस्तावों पर हुई चर्चा को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और संस्थागत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया। बैठक का प्रमुख केंद्र आगामी 11वां दीक्षांत समारोह रहा, जिसमें सत्र 2025-26 के सफल विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाने की तैयारी पर मंथन किया गया।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page