CM धामी ने ‘रन फॉर यूनिटी’ में की बड़ी घोषणाएं, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में 32 की जगह होंगे 50 खेल, मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 से बढ़ाकर 10 लाख
देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। इसके लिए जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा भी की।
शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, खिलाड़ियों और पीआरडी जवानों के हित में कई घोषणाएं करते हुए कहा कि खेलों को गांव-गांव तक पहुंचाना और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
आमवाला में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र
मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए भी बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक बढ़ेगी पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि भी बढ़ाई जाएगी। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।
विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये किए जाएंगे। संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर 1,000, 800 और 600 रुपये होगी। वहीं राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चैंपियनशिप ट्रॉफी में फिलहाल 32 खेल शामिल हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें पारंपरिक खेलों को भी जगह दी जाएगी। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। इस संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त उत्तराखंड के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।
जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक
मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

