Weather: उत्तराखंड में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले दो-तीन दिनों में चढ़ेगा पारा

खबर शेयर करें

देहरादून। जून की शुरुआत में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन अब उत्तराखंड में गर्मी एक बार फिर अपने तेवर दिखाने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर मैदानों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा।

रविवार को प्रदेशभर में चटक धूप खिली रही, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और हल्द्वानी सहित मैदानी इलाकों में दोपहर के समय तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। वहीं पहाड़ी जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना रहा।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: एसओटीएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई...16 किलो से अधिक डोडा और तमंचे के साथ तस्कर गिरफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े मौसम परिवर्तन की संभावना नहीं है। हालांकि, पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में विशेष कमी आने के आसार नहीं हैं। साफ आसमान और लगातार धूप के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रह सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: कानून व्यवस्था पर सीएम धामी का सख्त रुख, पुलिस-प्रशासन को ‘जीरो टॉलरेंस’ का अल्टीमेटम

राजधानी देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहने के संकेत मिले हैं।

गौरतलब है कि बीते दिनों हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई थी और लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ गर्मी फिर से बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को तेज धूप और बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: केदारनाथ में बड़ा हादसा टला, एम्स ऋषिकेश की हेली एंबुलेंस क्रैश, पायलट सुरक्षित
Ad

You cannot copy content of this page