भाई लखविंदर सिंह कैथल वाले, बीबी प्रभलीन कौर और भाई गुरप्रीत सिंह मुक्तसर वालों के गुरबाणी कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल, सेवा और भाईचारे का दिया संदेश
हल्द्वानी। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, समानता और सेवा का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व हल्द्वानी में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और गुरु महाराज के समक्ष शीश नवाकर सुख-समृद्धि एवं सरबत के भले की अरदास की। गुरबाणी कीर्तन, शबदों और गुरु महाराज के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष धार्मिक दीवान में पंथ के महान प्रचारक भाई लखविंदर सिंह जी कैथल वाले, प्रसिद्ध कीर्तनीय बीबी प्रभलीन कौर जी और भाई गुरप्रीत सिंह जी मुक्तसर वालों ने अपनी मधुर गुरबाणी एवं शबद-कीर्तन से संगत को निहाल किया। कीर्तन के माध्यम से उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, उनकी महान शिक्षाओं और मानवता के कल्याण के लिए दिए गए संदेशों का वर्णन किया। संगत ने पूरे श्रद्धाभाव से गुरबाणी का श्रवण किया।
हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ ग्रहण किया गुरु का लंगर
प्रकाश पर्व पर गुरु घर में अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद रूपी लंगर छका। सेवादारों ने पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ लंगर की व्यवस्था संभाली। गुरु घर की परंपरा के अनुरूप जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी ने एक साथ बैठकर लंगर ग्रहण किया। इस दौरान सेवा, समानता और आपसी भाईचारे की अनुपम मिसाल देखने को मिली।
‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का दिया संदेश
कार्यक्रम में मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद एवं सचिव कंवलजीत सिंह उप्पल ने संगत का स्वागत करते हुए सभी को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, आपसी प्रेम, समानता और सद्भाव का प्रतीक है। गुरु साहिब ने मानव जीवन को सार्थक बनाने के लिए तीन महान सिद्धांत दिए—किरत करो, नाम जपो और वंड छको। यानी ईमानदारी से मेहनत करके आजीविका कमाना, परमात्मा का नाम सिमरन करना और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करना।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी दुनिया के लिए मार्गदर्शक हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति ईमानदारी, सेवा और परोपकार को अपने जीवन का हिस्सा बनाए तो समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
यातायात व्यवस्था में सहयोग के लिए पुलिस टीम सम्मानित
आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक के.एन. जोशी एवं उनकी टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने पुलिस टीम के सहयोग और सराहनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अमरजीत सिंह बिंद्रा, सतवंत सिंह, बलबीर सिंह, बबलू कुकरेजा, जसपाल सिंह खालसा, मनमीत कोहली, जसपाल सिंह मालदार, जसबीर सिंह गोल्डी, परमजीत सिंह पम्मा सहित बड़ी संख्या में सेवादार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रकाश पर्व का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सेवा और समर्पण के साथ-साथ श्री गुरु नानक देव जी के सार्वभौमिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बना। अंत में संगत ने गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाकर विश्व शांति, मानव कल्याण और सरबत के भले की अरदास की।

