बनबसा। सैन्य स्टेशन बनबसा के मैदान में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का उत्साह लगातार देखने को मिल रहा है। भर्ती रैली के तीसरे दिन बुधवार को पिथौरागढ़ जिले की विभिन्न तहसीलों से पहुंचे 850 से अधिक युवाओं ने सेना में भर्ती होने के लिए दौड़ लगाई। नौ बैचों में आयोजित दौड़ में 674 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।
भर्ती प्रक्रिया के तहत सुबह से ही सेना के जवानों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी थी। दस्तावेजों की जांच के बाद युवाओं को रैली स्थल में प्रवेश दिया गया। इसके बाद निर्धारित नौ बैचों में दौड़ आयोजित की गई। दौड़ में सफल रहे अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें शारीरिक परीक्षण के अगले चरण के लिए भेजा गया।
इन तहसीलों के युवाओं ने लिया हिस्सा
तीसरे दिन पिथौरागढ़ जिले की कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू और देवलथल तहसीलों के युवाओं ने भर्ती रैली में प्रतिभाग किया। दौड़ में सफल 674 अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण गुरुवार को कराया जाएगा। वहीं, पहले और दूसरे दिन दौड़ में सफल रहे अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण भी जारी है।
कर्नल अमोल दबड़घाव के निर्देशन में हो रही भर्ती
जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से इस भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। भर्ती रैली का संचालन भर्ती निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव के निर्देशन में हो रहा है। अभ्यर्थियों के प्रवेश, दस्तावेजों के सत्यापन और दौड़ की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सेना के अधिकारियों और जवानों ने संभाली हुई है।
चौथे दिन चम्पावत जिले के युवाओं की बारी
भर्ती रैली के चौथे दिन गुरुवार, 26 नवंबर को चम्पावत जिले की चम्पावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे। सेना में भर्ती होने का सपना लेकर पहुंच रहे युवाओं में रैली को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।

