होमगार्ड जवानों के समान मानदेय देने पर समिति गठित करने के प्रस्ताव को सीएम धामी की मंजूरी, सफाई कर्मियों के मानदेय में भी होगी वृद्धि
देहरादून। उत्तराखंड में लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों और सफाई कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीआरडी जवानों को होमगार्ड के जवानों के समान मानदेय दिए जाने की दिशा में समिति गठित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार के इस कदम से प्रदेश के आठ हजार से अधिक पीआरडी जवानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।
पीआरडी जवान लंबे समय से होमगार्ड जवानों के समान मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। जवानों का तर्क है कि समान प्रकृति की ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें अपेक्षाकृत कम मानदेय मिल रहा है। इस मांग को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी। अब मुख्यमंत्री की ओर से समिति गठित करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद उनकी मांग पर आगे की कार्रवाई का रास्ता खुल गया है।
समिति तय करेगी मानदेय वृद्धि का स्वरूप
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद गठित होने वाली समिति पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय दिए जाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार करेगी। समिति अपनी संस्तुति में मानदेय वृद्धि की दर और इसे लागू करने की समयसीमा को लेकर सुझाव देगी। इसके आधार पर सरकार आगे निर्णय लेगी। हालांकि, फिलहाल मानदेय में कितनी वृद्धि होगी और इसे कब से लागू किया जाएगा, यह समिति की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
सफाई कर्मियों के मानदेय में भी होगी बढ़ोतरी
पीआरडी जवानों के साथ ही सरकार ने विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों को भी राहत देने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों के मानदेय में वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान कर दिया है। इससे सरकारी विभागों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे कार्मिकों को आर्थिक लाभ मिलने का रास्ता साफ होगा।
सरकार के इन फैसलों से प्रदेश के हजारों पीआरडी जवानों और सफाई कर्मियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें समिति की संस्तुतियों और मानदेय वृद्धि को लागू करने के संबंध में सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं।

