ड्राई फ्रूट से पहाड़ी नमक तक खरीदे स्थानीय उत्पाद, बोले- लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं
हल्द्वानी। सरस मेले में गुरुवार को कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जब मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय खुद परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंच गए। उन्होंने मेले के विभिन्न स्टॉलों से करीब 37,325 रुपये के उत्पाद खरीदे और खास तौर पर महिला स्वयं सहायता समूहों के हाथों से तैयार स्थानीय उत्पादों व हस्तशिल्प को प्राथमिकता दी।
सीडीओ की इस पहल ने मेले में अपने उत्पाद बेच रही महिला समूहों का उत्साह बढ़ाया। खरीदारी के दौरान उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और पारंपरिक हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करना समय की जरूरत है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों की आमदनी बढ़ेगी और महिलाएं आर्थिक रूप से अधिक सशक्त व आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
ड्राई फ्रूट, पहाड़ी नमक और बद्री गाय के घी तक की रौनक
सरस मेले में खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों को देश के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक उत्पादों की विविधता आकर्षित कर रही है। यहां ड्राई फ्रूट और काष्ठ शिल्प के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों की भी अच्छी श्रृंखला मौजूद है।
मेले में झंगोरा, मांडुवा, लाल चावल, तरह-तरह की बड़ियां, पहाड़ी नमक और बद्री गाय का देशी घी लोगों के लिए उपलब्ध हैं। इसके अलावा हस्तनिर्मित कपड़े, शॉल और अन्य हस्तशिल्प उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
CDO की अपील- मेले में आएं, स्थानीय उत्पाद अपनाएं
मुख्य विकास अधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में सरस मेले में पहुंचें और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को व्यवहार में अपनाकर स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हुनर को आगे बढ़ाया जा सकता है।
खरीदारी के साथ बच्चों के मनोरंजन का भी इंतजाम
सरस मेला केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है। यहां बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए गए हैं। ऐसे में परिवार के साथ मेले में पहुंचने वाले लोगों को खरीदारी के साथ मनोरंजन का अवसर भी मिल रहा है।
महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री और प्रचार-प्रसार के लिए सरस मेला एक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। यहां खरीदारी के जरिए लोग स्थानीय हुनर को प्रोत्साहन देने के साथ ही महिला समूहों की आजीविका को मजबूत करने में भी भागीदारी निभा सकते हैं।

