Uttarakhand: रक्षाबंधन पर बहनों को मिल सकता है बड़ा तोहफा, मुफ्त बस सफर की अवधि बढ़ाने पर मंथन

खबर शेयर करें

देहरादून। रक्षाबंधन के मौके पर उत्तराखंड की बहनों को इस बार परिवहन निगम बड़ा तोहफा दे सकता है। प्रदेश सरकार की ओर से अभी तक राखी के दिन महिलाओं को राज्य की सीमा के भीतर परिवहन निगम की बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाती रही है। अब इस सुविधा को एक दिन से बढ़ाकर दो या उससे अधिक दिनों तक करने पर शासन स्तर पर मंथन चल रहा है।

उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को चार दिनों तक सरकारी बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने के प्रस्ताव को देखते हुए उत्तराखंड में भी इसी तर्ज पर योजना तैयार करने की कवायद तेज हुई है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन पर लंबी दूरी के सफर में बड़ी राहत मिल सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: पौड़ी घूमने निकले परिवार पर टूटा कहर...250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, छह की मौत, 12 साल का बच्चा गंभीर

महिलाओं को पूरे साल मुफ्त बस यात्रा का भी प्रस्ताव

रक्षाबंधन के अलावा उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा है। प्रस्ताव में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की व्यवस्था को व्यापक स्तर पर लागू करने पर विचार किया गया है।

परिवहन निगम का मानना है कि ऐसी व्यवस्था लागू होने से महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा और दूरदराज के क्षेत्रों से आने-जाने वाली महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी। हालांकि, इस योजना के चलते निगम की आय पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर भी मंथन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: अंकिता भंडारी के नाम पर होगा श्रीनगर गढ़वाल का राजकीय नर्सिंग कॉलेज, शासनादेश जारी

अभी सिर्फ राखी के दिन मिलती है मुफ्त यात्रा

उत्तराखंड सरकार वर्तमान में रक्षाबंधन के दिन बहनों को परिवहन निगम की बसों में राज्य की सीमा के भीतर निश्शुल्क यात्रा की सुविधा देती है। इस सुविधा का लाभ बड़ी संख्या में महिलाएं उठाती हैं।

अब रक्षाबंधन नजदीक होने के कारण शासन स्तर पर इस बात पर विचार किया जा रहा है कि प्रदेश के सुदूरवर्ती पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले भाई-बहनों को आवागमन में अधिक सुविधा देने के लिए निश्शुल्क यात्रा की अवधि बढ़ाई जाए। खासतौर पर उन महिलाओं को इसका लाभ मिल सकता है जिन्हें राखी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

15 अगस्त को मिल सकता है ऐलान

परिवहन निगम ने मुख्यमंत्री की ओर से 15 अगस्त को की जाने वाली घोषणाओं के लिए निश्शुल्क यात्रा से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा है। अब निगाहें मुख्यमंत्री की घोषणा पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  38वें राष्ट्रीय खेल: कयाकिंग में उत्तराखंड की महिला टीम ने जीता सोना, पुरुषों ने चांदी

परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए सरकारी बसों में निश्शुल्क यात्रा का प्रावधान किया जा रहा है। इससे महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों के भी उत्तर प्रदेश की बसों में सफर करने की संभावना है, जिसका असर परिवहन निगम की आय पर पड़ सकता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने प्रदेश की बसों में महिलाओं को निश्शुल्क यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। अब शासन स्तर पर इस प्रस्ताव पर निर्णय होना है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page