Nainital: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, हल्दूचौड़ और कोटाबाग सीएचसी में नियमित मिलेगी अल्ट्रासाउंड सुविधा

खबर शेयर करें

नैनीताल। जनपद नैनीताल में गर्भवती महिलाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशानुसार अब प्रत्येक बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हल्दूचौड़ और प्रत्येक शुक्रवार को सीएचसी कोटाबाग में नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: धूमधाम से मनाया वृद्धजन दिवस, वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की आवश्यक अल्ट्रासाउंड जांच समय पर सुनिश्चित करना, सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना और संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करना है। नियमित जांच के माध्यम से गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा सकेगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं से निर्धारित दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर अल्ट्रासाउंड जांच से मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर निगरानी संभव होगी, जिससे सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  महंगाई: एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी, पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में भी इजाफा

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल गर्भवती महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगी। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार अन्य मरीज भी निर्धारित दिवस पर सीएचसी हल्दुचौड़ और सीएचसी कोटाबाग में अल्ट्रासाउंड जांच करा सकेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर हल्द्वानी में कांग्रेस का जश्न, छात्रों को मिठाई खिलाकर कहा- लोकतांत्रिक संघर्ष की हुई जीत

सीएमओ ने कहा कि स्थानीय स्तर पर अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को जिला मुख्यालय या निजी अस्पतालों की अनावश्यक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा मरीजों को समय पर जांच और उपचार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि जनपद में सुरक्षित मातृत्व और संस्थागत प्रसव को और अधिक मजबूती मिल सके।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page