हल्द्वानी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। रामपुर रोड स्थित मेडिकल कॉलेज के सामने सिटी फॉरेस्ट में पुनर्नवा महिला समिति की ओर से पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान समिति की सदस्यों ने वन विभाग और ‘गो ग्रीन गो क्लीन’ टीम के साथ मिलकर 50 फूलदार एवं फलदार पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में डीएफओ एवं वन विभाग के कर्मचारियों के साथ ‘गो ग्रीन गो क्लीन’ के मनोज नेगी और उनकी पूरी टीम ने सहभागिता की। समिति की सदस्यों ने उत्साह के साथ पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करने और शहर को अधिक से अधिक हरा-भरा बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पुनर्नवा महिला समिति की अध्यक्ष लता बोरा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश के प्रति अपने कर्तव्यों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में वृक्ष बनकर शहर को हराभरा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और तेजी से बदलते पर्यावरण को देखते हुए पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल भी जरूरी है। केवल पौधे लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए वृक्ष के रूप में विकसित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पौधारोपण के बाद सिटी फॉरेस्ट में लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी मनोज नेगी एवं उनकी टीम द्वारा निभाई जाएगी। इससे पौधों को समय-समय पर पानी, सुरक्षा और आवश्यक देखभाल मिल सकेगी तथा उनके जीवित रहने की संभावना भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम में पुनर्नवा महिला समिति की अध्यक्ष लता बोरा, सचिव शांति जीना, यशोदा रावत, कुसुम बोरा, अंजना बोरा, रेखा रावत, जया बिष्ट, प्रेमा व्रजवासी, निर्मला बहुगुणा और मंजू बनकोटी समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर यह संदेश भी दिया गया कि “पौधा लगाना ही नहीं, उसे वृक्ष बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है।” स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित यह पौधारोपण कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता नजर आया।
