नैनीताल। कैंची धाम मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 15 जून 2026 (सोमवार) को विकासखंड भीमताल और बेतालघाट क्षेत्र के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार, कैंची धाम मेले के अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़, यातायात दबाव तथा कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। अवकाश विकासखंड भीमताल एवं बेतालघाट के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। साथ ही क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक एवं बेसिक) तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग को निर्देश दिए हैं कि अवकाश संबंधी सूचना समय रहते सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यार्थियों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश केवल विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए घोषित किया गया है। क्षेत्र के सभी अन्य शासकीय कार्यालय पूर्ववत खुले रहेंगे तथा अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित समयानुसार कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आदेश की अवहेलना या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हर वर्ष 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम मेला 2026 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।

