जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को एक अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट और आग लगने की घटना ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। खो नागोरियान क्षेत्र में एक मकान के भीतर संचालित पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लगने के बाद हुए जोरदार धमाकों में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
घटना मंगलवार दोपहर की है, जब मकान के भीतर पटाखा निर्माण और भंडारण के दौरान अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगातार विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्टरी में कई लोग मौजूद थे। मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से झुलसे छह से अधिक घायलों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। बाद में गंभीर रूप से घायल पांच और लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराए गए गंभीर घायलों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन उनकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण कई मरीजों की मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों में वहीद पुत्र मोहम्मद अब्दुल अजीज (50 वर्ष), बिलाल पुत्र नासिर (30 वर्ष), समीर पुत्र अनीस (20 वर्ष), अजीम/आविद पुत्र नासिर, नासिर पुत्र मोहम्मद अली समेत अन्य लोग शामिल हैं। दो मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। एक मृतक की मौत जेएनयू अस्पताल में हुई, जबकि अधिकांश घायलों का उपचार एसएमएस अस्पताल में चल रहा था।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने फैक्टरी के संचालन, लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान में अवैध रूप से पटाखा निर्माण और भंडारण का कार्य किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके इतने तेज थे कि आसपास के मकानों की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

