Uttarakhand: शादी से लौट रहे लोगों से भरी पिकअप पलटी, 21 घायल, महिलाओं और बच्चों में मची चीख-पुकार

खबर शेयर करें

देहरादून। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरी एक पिकअप शेरपुर मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में वाहन में सवार 21 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, हसनपुर गांव के निवासी एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। वाहन जैसे ही शेरपुर मोड़ के पास पहुंचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार लोग इधर-उधर गिर गए।

यह भी पढ़ें 👉  रुड़की: मंदिर के पास गोमांस मिलने से हंगामा, बजरंग दल ने की गिरफ्तारी की मांग

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए। लोगों ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हादसे में घायल होने वालों में 12 महिलाएं, दो पुरुष और सात बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए झाझरा स्थित सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के इस जिले में नशे के खिलाफ ग्रामीणों का संकल्प, सामाजिक आयोजनों से शराब को बाहर करने का ऐलान

सुभारती अस्पताल के प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रशांत भटनागर ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से सभी का निशुल्क उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को घर भेज दिया गया है, जबकि कुछ का उपचार अभी भी जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य और स्थिर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: आज भी मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 26 जुलाई तक नहीं मिलेगी राहत

उधर, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page