Uttarakhand Weather: 8 जून तक बारिश, आंधी और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी सप्ताह मौसम का मिजाज लगातार बदला-बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 8 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की भी संभावना है। विभाग ने लोगों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के भी आसार हैं। मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल हल्द्वानी दौरे पर, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

3 जून को इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 3 जून के लिए देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही हल्की बारिश और ऊंची चोटियों पर हिमपात की संभावना भी जताई गई है।

4 और 5 जून को भी बरसेंगे बादल

चार और पांच जून को भी प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी हुई है। मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  Udham Singh Nagar: विधायक बेहड़ ने उत्तरांचल पंजाबी महासभा की नई कार्यकारिणी का किया सम्मान, बोले- समाज की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत

6 जून को फिर तेज हवाओं का असर

छह जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।

7 और 8 जून तक बना रहेगा मौसम का असर

मौसम विभाग के मुताबिक सात और आठ जून को भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। विशेषकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। जबकि शेष जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को कुचला, पुलिसकर्मी चालक फरार, एक की हालत नाजुक

तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

प्रदेश में चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन और पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन को देखते हुए मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page