मंत्री बोले- आपको लोगों के मनोरंजन के लिए बुलाया, ठीक से बोल नहीं पा रहे तो गाना क्या गाएंगे…गायक ने भी मंच से दिया जवाब, पांडाल में होता रहा हंगामा
टिहरी। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या में उस समय माहौल गरमा गया, जब पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर उन्हें टोक दिया। मंत्री ने गायक को खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि उन्हें मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए बुलाया गया है और बड़े नाम के कलाकार को अपनी प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, दलेर मेहंदी ने भी मंत्री से पांडाल में बैठकर प्रस्तुति सुनने का अनुरोध किया। इस घटनाक्रम के दौरान पांडाल में दर्शकों के बीच खूब हल्ला होता रहा।
मंच पर पहुंचे मंत्री, बोले- यह गलत बात है
50वें सिद्धपीठ कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी अपने सहयोगी कलाकारों के साथ प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल नाराज हो गए और मंच पर पहुंचकर उन्हें टोक दिया।
मंत्री ने कहा, “आपको इसलिए बुलाया गया था कि हमारे लोगों का इंटरटेनमेंट हो। यह गलत बात है, बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए। आपसे ठीक से बोल भी नहीं जा रहा है, गाना क्या गाएंगे।”
दलेर मेहंदी ने भी दिया जवाब
मंत्री की नाराजगी पर दलेर मेहंदी ने कहा, “सर, आपने मुझे इज्जत से बुलाया। आपसे रिक्वेस्ट है कि आप पांडाल में बैठ जाएं, हम अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं।”
इस दौरान पांडाल में मौजूद दर्शकों के बीच शोरगुल होता रहा। दर्शक मनवीर सिंह, राजेंद्र सिंह और सूरत सिंह आदि के अनुसार, घटनाक्रम के दौरान दर्शकों की ओर से खूब हल्ला हुआ।
पंजाबी गीतों पर झूमते रहे युवा
विवाद के बीच सांस्कृतिक संध्या में दलेर मेहंदी ने अपने सहयोगी कलाकारों के साथ कई पंजाबी गीतों की प्रस्तुतियां भी दीं। उनके मंच पर आते ही युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने ‘नमो-नमो’, ‘रब-रब’, ‘नना ना रे’ और ‘हो जाएगी बल्ले-बल्ले’ जैसे गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
पंजाबी गीतों पर युवा थिरकते रहे और बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने देर रात तक गीत-संगीत का आनंद लिया। हालांकि, मंत्री और गायक के बीच मंच पर हुई नोकझोंक सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख चर्चा का विषय बन गई।

