UKPSC: उत्तराखंड PCS-2024 का परिणाम घोषित…प्रदेश को मिले 9 नए डिप्टी कलेक्टर, टॉप-2 पर बेटियों का कब्जा

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने बहुप्रतीक्षित उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम जारी होते ही सफल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस परीक्षा के जरिए राज्य को 9 नए डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के लिए कई अधिकारी मिले हैं।

आयोग ने यह परिणाम मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर जारी किया है। साक्षात्कार प्रक्रिया 27 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई थी।

सबसे खास बात यह रही कि इस प्रतिष्ठित परीक्षा में पहला और दूसरा स्थान बेटियों ने हासिल किया है। डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर ने पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया, जबकि वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों की सफलता ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: यमुनोत्री हाईवे समेत चारधाम यात्रा मार्ग बाधित, सैकड़ों वाहन फंसे

डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित अन्य अभ्यर्थियों में आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी शामिल हैं। कुल नौ अभ्यर्थियों का चयन इस पद के लिए किया गया है।

वहीं पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए 10 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में अदिति पुनेठा, ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: 25 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, 10 अक्टूबर तक चलेगी यात्रा

आयोग ने जिला कमांडेंट होमगार्ड के पांच पदों पर भी चयन सूची जारी की है। इसके अलावा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO), जिला पंचायत राज अधिकारी और कार्याधिकारी जिला पंचायत के एक-एक पद पर भी अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

अन्य महत्वपूर्ण पदों में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के छह, उप शिक्षा अधिकारी के 58, परिवीक्षा अधिकारी के एक, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 14, सहायक आयुक्त राज्य कर के 16 तथा राज्य कर अधिकारी के 53 पदों पर अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इसके अलावा सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी पद के लिए सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  बंगाल में सत्ता पलट: 15 साल बाद टीएमसी का किला ढहा, भाजपा पहली बार सरकार बनाने की दहलीज पर

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित इस परिणाम के साथ ही विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। चयनित अभ्यर्थी अब राज्य प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page