Haldwani: विजयपुर-पहाड़पानी मार्ग को मिली बड़ी सौगात…सुखी नदी पर बनेगा कॉजवे, 3.87 करोड़ की स्वीकृति

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र के विजयपुर और आसपास के ग्रामीणों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलने जा रही है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से सुखी नदी पर कॉजवे निर्माण और विजयपुर-पहाड़पानी मार्ग के 1.30 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए 3.87 करोड़ रुपये की धनराशि विभागीय समिति से अनुमोदित हो गई है। जल्द ही शासनादेश (जीओ) जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

सांसद अजय भट्ट ने बताया कि विजयपुर क्षेत्र के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से सड़क और आवागमन की समस्या को लेकर लगातार मांग कर रहे थे। क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए उन्होंने संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया, जिसके परिणामस्वरूप वन विभाग की आवश्यक स्वीकृतियों के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग की सैद्धांतिक और वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

यह भी पढ़ें 👉  कैश कांड: जस्टिस यशवंत वर्मा से छीने गए सभी न्यायिक कार्य, हाई कोर्ट का बड़ा फैसला

उन्होंने कहा कि सुखी नदी पर कॉजवे बनने से बरसात के दौरान होने वाली आवाजाही की परेशानियां काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी। साथ ही 1.30 किलोमीटर सड़क निर्माण से विजयपुर, पहाड़पानी और आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

यह भी पढ़ें 👉  UKSSSC समूह-ग भर्ती परीक्षा 21 दिसंबर को हरिद्वार में, 30 पदों के लिए दो पालियों में होगा आयोजन

सांसद भट्ट ने बताया कि ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्थायी पुल निर्माण की मांग भी रखी है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को प्रारंभिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में यहां पुल निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, जिससे क्षेत्र को स्थायी और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि इससे पहले शेरनाला और सूर्यानाला में भी पुराने कॉजवे के स्थान पर पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्हीं परियोजनाओं की तर्ज पर विजयपुर क्षेत्र में भी आधुनिक और बेहतर यातायात सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: विधायक प्रतिनिधि और महिला कांस्टेबल में तीखी नोकझोंक, माफी मांगने के बाद मामला शांत

सांसद अजय भट्ट ने विश्वास जताया कि सड़क और कॉजवे निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विजयपुर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

ग्रामीणों ने परियोजना को मंजूरी मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए सांसद अजय भट्ट का आभार जताया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होकर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page