हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में रविवार देर रात एक कांवड़ यात्री को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल कांवड़िए को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
घटना गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के निकट हाईवे किनारे हुई। पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल वापस लौट रहा था। देर रात होने पर कांवड़ियों का दल हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुका हुआ था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। पुल पर मौजूद युवक शोर-शराबा कर रहे थे, जिस पर कांवड़ियों ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद युवक पुल से नीचे उतरकर कांवड़ियों के पास पहुंचे और विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवक ने अजय पर फायरिंग कर दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब 10 सदस्य शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जल्दबाजी में अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही शिशुपाल सिंह नेगी, देवेंद्र सिंह रावत और अनुज सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई और क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

