दिल्ली एयरपोर्ट पर तेज आंधी-बारिश का कहर, एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज हवाओं के कारण ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट (GSE) अनियंत्रित होकर एयर इंडिया के तीन विमानों से टकरा गया, जिससे विमानों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार शाम करीब 4:40 बजे टर्मिनल-2 के समीप स्थित पार्किंग बे में हुई। उस समय दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही थी। अचानक चली तेज आंधी के कारण ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपने स्थान से खिसककर खड़े विमानों की ओर बढ़ गया और तीन विमानों से जा टकराया।

यह भी पढ़ें 👉  IGI एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा: टेकऑफ से पहले इंजन में लगी आग, 232 यात्रियों को इमरजेंसी में निकाला गया

टक्कर इतनी तेज थी कि एयर इंडिया के तीनों विमानों को नुकसान पहुंचा। सुरक्षा कारणों से इन विमानों को तत्काल सेवा से हटा दिया गया है। एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन की तकनीकी टीमों ने विमानों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जांच की जा रही है कि विमान दोबारा सेवा में कब तक लौट पाएंगे।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय पार्किंग बे में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। हालांकि हादसे के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें 👉  बरेली के मॉल में 35 मिनट तक लिफ्ट में कैद रहे 13 लोग, गर्मी-उमस में किशोरी बेहोश, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रनवे क्षेत्र में तेज बारिश और आंधी चल रही है। इसी दौरान ग्राउंड सपोर्ट उपकरण तेज हवा के प्रभाव से अनियंत्रित होकर तेजी से आगे बढ़ने लगता है। उसे रोकने के लिए एयरपोर्ट स्टाफ उसके पीछे दौड़ता दिखाई देता है, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उपकरण को तुरंत नियंत्रित नहीं किया जा सका।

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली-एनसीआर में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, स्पेशल सेल ने दो संदिग्धों को दबोचा

विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम की चरम परिस्थितियों में ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की सुरक्षा और एंकरिंग व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन और एयर इंडिया की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। माना जा रहा है कि विमानों को हुए नुकसान के कारण कुछ उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है, हालांकि एयरलाइन की ओर से अभी तक किसी उड़ान के रद्द होने की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page