Uttarakhand: समूह-ग की दो भर्ती परीक्षाएं स्थगित, आयोग ने जारी की सूचना…25 अक्टूबर की ये परीक्षाएं रहेंगी यथावत

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने समूह-ग के तहत होने वाली दो भर्ती परीक्षाएं अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी हैं। इन परीक्षाओं की नई तिथियां आयोग की ओर से बाद में घोषित की जाएंगी। हालांकि, 25 अक्टूबर को प्रस्तावित लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक, प्रशिक्षक और अनुदेशक पदों की भर्ती परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।

कनिष्ठ सहायक और सहायक लेखाकार की परीक्षा स्थगित

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 और वैयक्तिक सहायक (सिविल एवं कुटुम्ब न्यायालय) भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  सीएम धामी ने किया उत्तरकाशी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे, राहत कार्यों में जुटीं सभी एजेंसियां...Video

इसके अलावा, एक नवंबर को प्रस्तावित सहायक लेखाकार एवं अन्य पदों की भर्ती परीक्षा भी अपरिहार्य कारणों के चलते स्थगित की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि दोनों भर्ती परीक्षाओं के लिए नई तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा कार्यक्रम से संबंधित अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: छात्र ने गंगा में लगाई छलांग...सुसाइड नोट में लिखा– ‘मैं असफल इंसान हूं’, साथियों का फूटा गुस्सा

25 अक्टूबर को दो पालियों में होंगी परीक्षाएं

दो भर्ती परीक्षाएं स्थगित होने के बावजूद 25 अक्टूबर को होने वाली अन्य परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव नहीं किया गया है। आयोग के सचिव के अनुसार, पहली पाली में लाइनमैन और मनोवैज्ञानिक पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, दूसरी पाली में प्रशिक्षक और अनुदेशक पदों के लिए अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

इन परीक्षाओं के प्रवेशपत्र जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपने प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग की ओर से किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेशपत्र डाक के माध्यम से अलग से नहीं भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: गाय को टक्कर मारने पर भड़की भीड़, मांस से भरी पिकअप फूंकी, दो हिरासत में

प्रवेशपत्र डाउनलोड करने के बाद जरूर करें जांच

आयोग ने अभ्यर्थियों को प्रवेशपत्र डाउनलोड करने के बाद उस पर अंकित बारकोड की जांच करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के दौरान प्रवेशपत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र ले जाना भी अनिवार्य होगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा में शामिल होने से पहले प्रवेशपत्र पर दर्ज सभी विवरणों की जांच कर लें और आयोग की वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page