हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। संडीला कोतवाली क्षेत्र के समदखेड़ा गांव में 18 वर्षीय युवती की उसके ही पिता, ताऊ और अन्य परिजनों ने कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए सर्पदंश और आत्महत्या की कहानी गढ़ी गई तथा शव का गुपचुप अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक युवती शुभी तीन जून की रात घर से चली गई थी और अगले दिन सुबह वापस लौट आई। बेटी के लौटने से नाराज पिता रामदयाल ने पहले उसे थप्पड़ मारे। इसके बाद ताऊ मुनेश, सुरेश, कल्लू और ताई माधुरी ने कमरे में पहुंचकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि पिटाई के दौरान पिता भी उनका साथ देता रहा। गंभीर चोटों के कारण युवती की मौत हो गई।
मृतका की मां मिथिलेशा ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या के बाद उन्हें न तो शव देखने दिया गया और न ही शोक व्यक्त करने दिया गया। परिजनों ने गांव के बाग में जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया ताकि मामला सामने न आ सके।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या को छिपाने के लिए युवती के पैर में कई जगह सुई चुभोई, जिससे सर्पदंश जैसे निशान दिखाई दें। बाद में घटना को आत्महत्या बताने का भी प्रयास किया गया। ग्रामीणों के बीच बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात फैलाई गई।
शनिवार शाम मृतका की मां ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने पिता रामदयाल, ताऊ मुनेश, सुरेश और ताई माधुरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी कल्लू की तलाश जारी है।
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर समाज में झूठी शान के नाम पर होने वाले अपराधों की भयावह तस्वीर सामने लाती है।

