सीएमओ डॉ. एच.सी. पंत की अध्यक्षता में बैठक, निजी स्कूलों को अधिक से अधिक बच्चों को दवा खिलाने के निर्देश
हल्द्वानी (नैनीताल) : जनपद में 7 मई 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के कुल 3,89,860 बच्चों को अल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.सी. पंत की अध्यक्षता में शिविर कार्यालय हल्द्वानी में निजी स्कूल संगठन के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, निजी स्कूल एसोसिएशन के सचिव मनी जोशी और उप सचिव श्री पाठक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सीएमओ ने निजी स्कूलों से अपील की कि वे अपने-अपने विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों को दवा खिलाने के लिए विशेष प्रयास करें और प्रधानाचार्यों को जागरूक करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अल्बेंडाजोल पूरी तरह सुरक्षित दवा है, जिसे पिछले कई वर्षों से बच्चों को नियमित रूप से दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 7 मई को आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी और निजी स्कूलों में बच्चों को दवा खिलाई जाएगी। जो बच्चे इस दिन किसी कारणवश छूट जाएंगे, उन्हें 14 मई को आयोजित “मॉप-अप राउंड” में दवा दी जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए पूरे जनपद में चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी टीम गठित की गई है, जिनके संपर्क नंबर शिक्षा विभाग को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को 7 मई को स्कूल अवश्य भेजें, ताकि वे इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान का लाभ उठा सकें।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, दीवान बिष्ट, हेम जलाल, पूर्णिमा जंतवाल, आरती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

