मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। कुंदरकी थाना क्षेत्र के चकफाजलपुर गांव में 20 वर्षीय युवक ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक ने कमरे में खुद को बंद कर मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की और कुछ शब्द कहने के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, खासकर इसलिए क्योंकि उसकी बहन की शादी महज आठ दिन बाद होने वाली थी।
पुलिस के अनुसार चकफाजलपुर निवासी फरहत अली पंजाब में एक निजी कंपनी में काम करता था। वह बकरीद और बहन की शादी में शामिल होने के लिए चार दिन पहले ही घर लौटा था। परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन शनिवार देर रात हुई इस घटना ने सब कुछ बदल दिया।
बताया गया कि रात करीब साढ़े 11 बजे फरहत अली अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया। वीडियो में वह किसी अज्ञात व्यक्ति का जिक्र करते हुए कहता सुनाई दे रहा है कि “तूने मुझे और मेरे परिवार को बहुत परेशान किया है, इसका हिसाब ऊपर होगा।” इसके बाद उसने कलमा पढ़ा और खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की तेज आवाज सुनकर परिजन घबरा गए। उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर से बंद होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद खिड़की तोड़कर परिवार के लोग कमरे में पहुंचे, जहां फरहत अली खून से लथपथ पड़ा था। मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्डिंग चल रही थी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कुंदरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आत्महत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक और मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल में एक वीडियो मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो में युवक किस व्यक्ति का जिक्र कर रहा था और किन परिस्थितियों ने उसे इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया।
फरहत अली पेशे से लिफ्टिंग गेट बनाने का काम करता था और छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी बहन आसिया की शादी आठ दिन बाद होने वाली थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस घटना के बाद पूरे घर में मातम छा गया है। मां फिरदौस और पिता सरताज का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

